•गोंदिया नगर परिषद चुनाव .
•कांग्रेस व शिवसेना उद्धव बाळासाहेब गट सक्रिय पंकज यादव और सचिन शेंडे ने प्रभागों में बढ़ाया जनसंपर्क.
गोंदिया :नगर परिषद चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस और शिवसेना उद्धव बाळासाहेब ठाकरे गट ने अपने प्रचार को गति दे दी है। दोनों दलों की ओर से नगराध्यक्ष पद के लिए सचिन शेंडे को संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया गया है, जिसके बाद विभिन्न प्रभागों में जनसंपर्क और सभाओं का सिलसिला तेज हो गया है।
उद्धव बाळासाहेब ठाकरे गट के गोंदिया जिलाध्यक्ष पंकज यादव ने सभाओं में नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि जनता विकास कार्यों का आकलन कर ही अपना निर्णय लेगी। उन्होंने यह भी बताया कि कई क्षेत्रों में एक ही सड़क के लिए बार बार वर्क ऑर्डर निकलने जैसी अनियमितताओं पर नागरिकों में नाराज़गी है, और आने वाले चुनाव में जनता पारदर्शिता व जवाबदेही की उम्मीद से मतदान करेगी।
नगराध्यक्ष पद के उम्मीदवार सचिन शेंडे ने जनसभाओं में कहा कि चुनावी माहौल में कई प्रकार की अफवाहें और भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं, लेकिन नागरिक तथ्यों को ध्यान में रखकर ही समर्थन दे रहे हैं। शेंडे ने विश्वास जताया कि जनता विकास, सौहार्द और निष्पक्ष प्रशासन के मुद्दों को प्राथमिकता देगी।
23 नवंबर को कांग्रेस और उद्धव गट की संयुक्त यात्रा सुबह सावित्रीबाई फुले वार्ड प्रभाग 8 से आरंभ हुई, जो प्रभाग 9 और 10 तक लगभग आठ किलोमीटर चली। इस दौरान कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का समापन पंकज यादव के कार्यालय के पास हुआ। बाद में प्रतिनिधियों ने सत्य साईं बाबा मंदिर गड्ढाटोली में दर्शन भी किए।
शाम के कार्यक्रमों में तीन प्रमुख सभाएं आयोजित हुईं।
प्रभाग 20 चूड़ामण चौक में सुनीता माहुरे और अरुण दर्यानी ने नागरिकों से संवाद किया।
इसके बाद प्रभाग 22 मदीना मस्जिद गौतम नगर में विजय रगड़े और सैय्यद शमशाद बेगम साहिब अली ने सभा ली। अंत में प्रभाग 15 चावड़ी चौक में रेवती रगड़े और विष्णु नगरीकर ने क्षेत्र की समस्याओं और आगामी योजनाओं पर चर्चा की।
प्रचार कार्यक्रमों में पंकज यादव, सुनील भालेगांव, उत्तम यादव और संध्या उत्तम यादव सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। जनता के उत्साह और प्रतिनिधियों की सक्रियता से गोंदिया में चुनावी माहौल और अधिक सकारात्मक और जीवंत होता दिखाई दे रहा है।